रिपोर्ट/विवेक शुक्ला
रामनगर (बाराबंकी)। बुढ़वल-बिंदौरा रेलवे स्टेशन के बीच रानीबाजार के आगे रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों में एक 38 वर्षीय रेल यात्री का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।पुलिस के अनुसार सोमवार को स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियों में एक शव पड़ा देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान शव कुछ दिन पुराना प्रतीत हुआ।पुलिस ने तलाशी लेने पर मृतक के पास से एक आधार कार्ड बरामद किया, जिसके आधार पर उसकी पहचान शम्भू यादव (38) पुत्र अज्ञात, निवासी ग्राम रजवा, थाना समस्तीपुर, जिला समस्तीपुर (बिहार) के रूप में हुई। इसके अलावा मृतक के पास से एक कीपैड मोबाइल फोन भी मिला, जो बंद अवस्था में था।पुलिस ने आधार कार्ड के माध्यम से मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि मृतक दिल्ली से समस्तीपुर जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि वह सफर के दौरान चलती ट्रेन से गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक लिखापढ़ी पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।































