Naradsamvad

[post-views]

दवा खाने के बाद बिगड़ी हालत, सीएचसी पहुंचते ही व्यक्ति की मौत; परिजनों ने निजी चिकित्सक पर लगाया आरोप

रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिछलखा में एक वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि गांव के एक निजी चिकित्सक द्वारा दी गई दवा खाने के बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले जाया गया, जहां पहुंचते ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिछलखा निवासी बृजेश कुमार  ने बताया कि उनके पिता कैलाश (60)  पिछले लगभग दो दिनों से बीमार चल रहे थे। उनका इलाज थाना बदोसराय के ग्राम मरकामऊ के निजी चिकित्सक डॉक्टर रामखेलावन के यहां चल रहा था और वहीं से दवा दी जा रही थी।परिजनों के अनुसार सोमवार की शाम करीब चार बजे कैलाश दोबारा दवा लेने के लिए बाइक से डॉक्टर रामखेलावन के पास गए थे। वहां से दवा लेकर घर लौटे और दवा का सेवन किया। आरोप है कि दवा खाने के कुछ ही समय बाद उनकी हालत अचानक गंभीर हो गई और तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।परिवार के लोगों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल में मौजूद डॉक्टर ने मामले की सूचना तत्काल रामनगर पुलिस को दी।सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रामनगर पुलिस ने आवश्यक लिखा-पढ़ी पूरी कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर आगे की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

अन्य खबरे

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

696571
Total Visitors
error: Content is protected !!