Naradsamvad

[post-views]

मॉडल कृषि फार्म में कृषि मंत्री का औचक निरीक्षण, गुणवत्ता और संसाधन प्रबंधन पर सख्त निर्देश

रिपोर्ट/विवेक शुक्ला


रामनगर बाराबंकी। प्रदेश के कृषि मंत्री ने शनिवार को रामनगर स्थित मॉडल कृषि फार्म का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, फसलों की स्थिति और कृषि यंत्रों के रखरखाव पर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सख्ती

मंत्री ने फार्म परिसर में निर्माणाधीन सभागार कक्ष और कराई जा रही इंटरलॉकिंग कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण कराने पर जोर दिया।

गेहूं की उन्नत किस्मों की ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों से पूछा कि फार्म में कितने हेक्टेयर में गेहूं की बुवाई की गई है और कौन-कौन सी उन्नत प्रजातियां लगाई गई हैं। अधिकारियों ने विभिन्न हाईब्रिड व उन्नत किस्मों की जानकारी देते हुए उत्पादन लक्ष्य से अवगत कराया। मंत्री ने उत्पादन बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक अपनाने पर बल दिया।

जल निकासी और भंडारण व्यवस्था पर निर्देश

परिसर में कराई गई बोरिंग का निरीक्षण करते हुए मंत्री ने जल निकासी के लिए समुचित नाली निर्माण के निर्देश दिए। कृषि यंत्रों के रखरखाव के लिए बनाए गए नवनिर्मित भवन का अवलोकन कर उन्होंने यंत्रों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित रखने पर जोर दिया।अनाज भंडारण गोदाम का निरीक्षण करते हुए भंडारण क्षमता और सुरक्षा इंतजामों की भी समीक्षा की।

जर्जर भवन गिरेंगे, कबाड़ यंत्रों की होगी नीलामी

मंत्री ने परिक्षेत्र में जर्जर और पुरानी इमारतों को ध्वस्त कराने तथा निष्प्रयोज्य कृषि यंत्रों की सूची बनाकर उनकी नीलामी कराने के निर्देश दिए, ताकि संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके।उन्होंने कहा कि मॉडल कृषि फार्म को आधुनिक तकनीक और उन्नत संसाधनों से सुसज्जित कर इसे किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बनाया जाएगा।निरीक्षण के दौरान उप कृषि निदेशक धीरेंद्र सिंह, अधीक्षक प्रदीप कुमार सिंह, प्रदीप कुमार वर्मा, शिवकुमार, गौरव वर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अन्य खबरे

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

846670
Total Visitors
error: Content is protected !!