Naradsamvad

[post-views]

आलू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत

रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर बाराबंकी। तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक और घर का चिराग बुझा दिया। सोमवार देर शाम थाना रामनगर क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा रामनगर के मोहल्ला धमेड़ी निवासी 25 वर्षीय गौरी शंकर यादव पुत्र सहज राम यादव सोमवार देर शाम किसी कार्य से बाइक से मरकामऊ की ओर जा रहे थे। बताया जाता है कि जब वह ग्राम नथनापुर के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही आलू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गौरी शंकर बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस द्वारा उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।रामनगर प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक लिखापढ़ी पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना कारित करने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली और चालक को हिरासत में ले लिया गया है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। उधर, युवा की असमय मौत से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर व्याप्त है।

अन्य खबरे

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

846595
Total Visitors
error: Content is protected !!