रिपोर्ट/विवेक शुक्ला
रामनगर (बाराबंकी)। तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस की अध्यक्षता करते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम ने कुल 56 मामलों की सुनवाई की। इनमें से आधा दर्जन से अधिक प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को गुण-दोष के आधार पर संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक ही प्रकरण को लेकर फरियादी बार-बार तहसील के चक्कर न लगाएं। शिकायतकर्ता को मौके पर बुलाकर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।तहसील दिवस में नरैनीपुरवा मजरे दलसराय की आसिया बानो ने घर के पास कूड़ा डालने व मारपीट की शिकायत की। विकासखंड सूरतगंज के अटहरी मजरे हरक्का निवासी पानी टंकी ऑपरेटर रामू ने मानदेय दिलाने की मांग उठाई। कस्बा लखरौरा निवासी रमाकांत तिवारी ने नलकूप संख्या-4 की नाली की सफाई कराने की शिकायत दर्ज कराई।ग्राम मुरारीपुर कजियापुर के इधनाथ ने गांव के भीतर हो रहे सुअर पालन को हटवाने की मांग की। ददौरा निवासी शत्रोहन ने घरौली बनवाने की गुहार लगाई। कस्बा निवासी रमन व कनीज बेगम ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। ग्राम अमोली कीरतपुर निवासी बेनी माधव सिंह समेत आधा दर्जन लोगों ने सार्वजनिक मार्ग खुलवाने की शिकायत की। वहीं भैरमपुर (सूरतगंज) की मुन्नी देवी व गीता देवी ने व्यक्तिगत शौचालय की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र दिया।अन्य फरियादियों की शिकायतों पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने टीम गठित कर संबंधित विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों को निस्तारण के निर्देश दिए।इस दौरान इशरत जहां का राशन कार्ड मौके पर ही बनवाया गया। जरौंडा निवासी आशा देवी की खतौनी दुरुस्त कराई गई तथा चंद्र सिहाली निवासी खुशीराम के बालिग होने पर खतौनी में उनका नाम दर्ज कराया गया।कार्यक्रम में पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री राहत कोष से आशा देवी, शीला देवी, रागिनी व रुमेसाबानो सहित अन्य लाभार्थियों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए।इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी, खंड विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, वन दरोगा सचिन पटेल, निरीक्षक अनुज कुमार, माल बाबू आसाराम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।






























