रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर बाराबंकी।कस्बा स्थित यूनियन इंटर कॉलेज रामनगर में बुधवार को माध्यमिक शिक्षक संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। समारोह के दौरान संघ के जिला मंत्री रमेश कुमार सिंह और जिला उपाध्यक्ष राकेश कुमार वर्मा का विद्यालय परिवार की ओर से माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. कमलेश सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है और शिक्षकों की समस्याओं का समाधान होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि शिक्षक संघ शिक्षकों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती से ही शिक्षकों की आवाज प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुंचती है।स्वागत समारोह का आयोजन विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता सुधाकर प्रसाद दीक्षित के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।जिला मंत्री रमेश कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए संघ पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर लंबित समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा और जिले के किसी भी शिक्षक की समस्या को अनदेखा नहीं होने दिया जाएगा।इस अवसर पर धर्मेंद्र पांडेय, जयप्रकाश सिंह, वीरेंद्र प्रताप, संध्या श्रीवास्तव, पूनम वर्मा, गरिमा बाजपेई, डॉ. संगीता, अनुपम सिंह, रामखेलावन, सुभाष, शिवेश मिश्रा, सुधा सिंह सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन आपसी सहयोग और संगठन की मजबूती के संकल्प के साथ हुआ।































