
एडिटर के के शुक्ल रामनगर (बाराबंकी)। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बाराबंकी जनपद के रामनगर स्थित लोधेश्वर महादेव धाम में रविवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कानपुर, लखनऊ, बाराबंकी सहित विभिन्न जनपदों और प्रदेशों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और भोलेनाथ के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं चेयरमैन संघ के जिलाध्यक्ष रामशरण पाठक द्वारा वर्ष 2012 से निरंतर इस भंडारे का आयोजन कराया जा रहा है। इस वर्ष भी प्रातः 6 बजे से प्रारंभ हुआ भंडारा देर शाम तक चलता रहा। श्रद्धालुओं को छोले-चावल और हलवा वितरित किया गया, वहीं व्रत रखने वाले भक्तों के लिए मूंगफली, मखाना और आलू-मखाना की विशेष व्यवस्था की गई थी।
नगर अध्यक्ष रामशरण पाठक ने बताया कि दूर-दूर से आने वाले शिवभक्तों की सेवा करना ही उनका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि महादेव की असीम कृपा से यह भंडारा प्रत्येक वर्ष सफलतापूर्वक संपन्न होता है और भविष्य में भी श्रद्धालुओं की सेवा का यह क्रम निरंतर जारी रहेगा।
इस अवसर पर मनोज कुमार शुक्ला, अवनीश मिश्र, रियाज नेता, के.डी. खान, पूर्व सभासद दयाशंकर तिवारी, पत्रकार अशोक कुमार सिंह, लिपिक रामकरण शर्मा, डॉ. के.के. मिश्र, पवन ओझा, सीमा यादव, अंजू मिश्रा, मनोज यादव, हरिनारायण शुक्ला, बंसीलाल, हरीश तिवारी, योगेंद्र मिश्रा उर्फ सनी शिवाय पाठक, बंटी ओझा, गुफरान अहमद, सत्यम सिंह, सुहेल, रमेश चंद्र जायसवाल, त्रिभुवन नाथ मौर्या, रफी, अमित तिवारी, रोहित तिवारी ,सभासद रिंकू शुक्ल,कवि शिवेश सहित अनेक कर्मचारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
चेयरमैन रामशरण पाठक और अधिशासी अधिकारी अशोक कुमार खरवार ने बताया कि आदर्श नगर पंचायत रामनगर के सीमा विस्तार हेतु लोधेश्वर महादेव को विस्तारित क्षेत्र में सम्मिलित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। अनुमति प्राप्त होने के पश्चात नगर पंचायत द्वारा मंदिर परिसर में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी तथा मेले का नियमित आयोजन कराया जाएगा।
इसी क्रम में पारिजात कांवेंट स्कूल, रामनगर और दृष्टि आई केयर सेंटर द्वारा भी श्रद्धालुओं के लिए छोले-चावल, नमकीन, बिस्कुट एवं चाय का विशाल भंडारा आयोजित किया गया। यह आयोजन श्री नारायण उपाध्याय एवं बालकृष्ण मौर्य के सहयोग से संपन्न हुआ। साथ ही महादेव मेला समिति द्वारा बोहनिया पर धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं को केले वितरित किए गए।































