Naradsamvad

ब्रेकिंग न्यूज़
[post-views]

महाशिवरात्रि कल, तैयारियां पूरी मेला कैंप में डटे अधिकारी, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

रिपोर्ट/सन्दीप शुक्ला

रामनगर बाराबंकी सुप्रसिद्ध पौराणिक तीर्थ स्थल में चल रहे फाल्गुनी मेले के बीच महाशिवरात्रि का महापर्व कल मनाया जाएगा। पर्व को देखते हुए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। लाखों श्रद्धालुओं के जलाभिषेक को लेकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया और अधिकारी मेला कैंप में मौजूद रहकर लगातार निगरानी कर रहे हैं।प्रशासन का अनुमान है कि महाशिवरात्रि पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचेंगे। बीते दस दिनों से मंदिर में जलाभिषेक का क्रम अनवरत जारी है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के कपाट 24 घंटे खुले रखे गए थे।

अपेक्षा से कम रही मेले की भीड़

दस दिनों से चल रहे मेले में इस बार अपेक्षाकृत कम भीड़ देखने को मिली। कांवड़ियों सहित अन्य श्रद्धालुओं की संख्या कम रहने से दुकानदारों में मायूसी दिखाई दी। बाजारों और सड़कों पर भी पूर्व वर्षों जैसी रौनक नजर नहीं आई।
दुकानदारों का कहना है कि वे दशकों से महाशिवरात्रि का फाल्गुनी मेला लगाने आते रहे हैं, लेकिन इस बार मेले की रौनक अपेक्षा से कम रही।

साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश पर विशेष ध्यान

मेला प्रशासन की ओर से साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। मेला सचिव उपजिलाधिकारी रामनगर गुंजिता अग्रवाल अधिकारियों के साथ मेला परिसर और मंदिर प्रांगण का लगातार निरीक्षण करती रहीं। वहीं तहसीलदार और नायब तहसीलदार मेला कैंप में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल मेले में लगातार गश्त कर रहा है और ड्यूटी प्वाइंटों की जांच की जा रही है। महादेव चौकी प्रभारी भी सुरक्षा प्वाइंटों का निरीक्षण करते रहे। मेले में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।

खाद्य सामग्री की भी हो रही जांच

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम भी मेले में सक्रिय है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। खराब या संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलने पर उसे नष्ट कराया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।अधिकारियों के लगातार भ्रमण और निगरानी के चलते मेले का संचालन शांतिपूर्वक और व्यवस्थित ढंग से जारी है। प्रशासन का कहना है कि महाशिवरात्रि पर भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुगमता से जलाभिषेक कर सकें।

अन्य खबरे

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

580587
Total Visitors
error: Content is protected !!