रिपोर्ट/विवेक शुक्ला
रामनगर बाराबंकी। तहसील कार्यालय में गुरुवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट/एसडीएम रामनगर ने आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान तहसील भवन व परिसर में गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए।एसडीएम ने सबसे पहले कानूनगो कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। यहां अभिलेखों के रखरखाव, पुराने कागजातों व रजिस्टरों के दुरुस्तीकरण के निर्देश दिए। कर्मचारियों को अपने-अपने पटल पर नेम प्लेट लगाने को कहा। कक्ष में रखी आपदा संबंधी सामग्री के निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।इसके बाद उन्होंने स्वान कक्ष का निरीक्षण कर खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को ठीक कराने तथा निष्प्रयोज्य सामग्री हटाने के निर्देश दिए। बीआरसी कक्ष में निर्वाचन संबंधी अभिलेखों को वर्षवार व्यवस्थित रखने और सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराने को कहा। राजस्व विभाग कक्ष के निरीक्षण में पंजिकाओं का अवलोकन करते हुए पत्रों को निर्धारित समय पर संबंधित विभागों को भेजने के निर्देश दिए।तहसील दिवस पंजिका की जांच के दौरान दर्ज प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की जानकारी ली और समय से जांच आख्या मंगाने को कहा। पूर्ति निरीक्षक कक्ष में गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव के निर्देश दिए।न्यायिक उपजिलाधिकारी न्यायालय पहुंचकर मुकदमों की प्रगति जानी तथा पेशकार को पत्रावलियां व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। तहसीलदार व न्यायिक तहसीलदार न्यायालय में संचालित वादों की समीक्षा कर निर्विवादित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण को कहा। नायब तहसीलदार न्यायालय की पत्रावलियों का भी निरीक्षण कर पुराने मामलों को विधि अनुसार निपटाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान बंद पड़ी आरओ मशीन को चालू कराने, तहसील परिसर के पार्क का सुंदरीकरण कराने, राजस्व कर्मियों के आवासों की साफ-सफाई व रंग-रोगन कराने तथा ढीले व लटकते विद्युत तारों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।इस मौके पर तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी, पेशकार हयात आशुतोष सिंह सहित अन्य राजस्व कर्मी मौजूद रहे।






























