रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर (बाराबंकी)। स्लो नेटवर्क की समस्या के चलते गैस सिलेंडर की बुकिंग प्रभावित होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह होते ही गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग जाती हैं और यह सिलसिला देर शाम तक जारी रहता है।एजेंसी संचालकों का कहना है कि उनके यहां गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है, लेकिन नेटवर्क धीमा होने के कारण बुकिंग प्रक्रिया सुचारु रूप से नहीं हो पा रही है।इन दिनों रामनगर तहसील क्षेत्र के उपभोक्ता गैस सिलेंडर के लिए भटकने को मजबूर हैं। बुकिंग कराने के लिए लोगों को कई-कई बार ऑनलाइन प्रयास करना पड़ रहा है, तब कहीं जाकर एक सिलेंडर की बुकिंग हो पा रही है। एजेंसियों पर तैनात कर्मचारी भी उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए कड़ी मशक्कत कर रहे हैं और देर रात तक ड्यूटी निभा रहे हैं।कस्बा रामनगर स्थित सुनंदा गैस एजेंसी पर प्रतिदिन गैस सिलेंडर लेने वालों की भारी भीड़ देखी जा रही है। एजेंसी संचालक अवधेश शुक्ला ने बताया कि एजेंसी पर गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, लेकिन नेटवर्क स्लो होने के कारण बुकिंग में दिक्कत आ रही है। उन्होंने कहा कि यदि नेटवर्क व्यवस्था में सुधार हो जाए तो उपभोक्ताओं को समय से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सकता है।वहीं गैस आपूर्ति की अनिश्चितता को देखते हुए कई होटल व ढाबा संचालकों ने वैकल्पिक व्यवस्था कर ली है। होटल मालिकों का कहना है कि गैस सिलेंडर समय से न मिलने के कारण उन्हें मजबूरी में भट्ठी व अन्य साधनों के सहारे काम चलाना पड़ रहा है।उधर, एजेंसियों पर उमड़ रही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कोतवाल अनिल कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ समय-समय पर मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभालते नजर आ रहे हैं।































