रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर, बाराबंकी। पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में बृहस्पतिवार को थाना रामनगर परिसर में नवनिर्मित बहुउद्देशीय मीटिंग हॉल का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक का सीओ गरिमा पंत व कोतवाल अनिल कुमार पांडेय ने बुके देकर स्वागत किया इसके बाद एसपी ने वैदिक मंत्रोच्चारन के बीच विधि-विधान के साथ शिलापट्ट का अनावरण कर फीता काटकर हॉल का उद्घाटन किया।उद्घाटन से पूर्व पंडित अनिल शास्त्री द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कराई गई। इसके पश्चात एसपी ने नारियल फोड़कर शुभारंभ किया और बैठक कक्ष का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कार्यक्रम में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।एसपी के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी की देखरेख तथा थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय के प्रयासों से इस आधुनिक व सुव्यवस्थित बैठक कक्ष का निर्माण कराया गया है। लोकार्पण के अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आधुनिक संसाधनों से युक्त यह हॉल थाना प्रशासन के लिए नई ऊर्जा का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए समयबद्ध समीक्षा, स्पष्ट रणनीति और बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने बताया कि इस मीटिंग हॉल में नियमित अपराध समीक्षा बैठकें, जनसुनवाई, शांति समिति की बैठकें तथा विशेष अभियानों की रूपरेखा तैयार की जाएगी, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सके। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण स्थापित करना पुलिस की प्राथमिकता है।थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने कहा कि बैठक कक्ष को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जिससे पुलिस कर्मियों को कार्य निष्पादन में सुविधा मिलेगी और बैठकों का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से हो सकेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि थाना रामनगर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों ने नवनिर्मित हॉल का अवलोकन किया और इसे थाना परिसर की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। इस अवसर पर तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार यादव, नायब तहसीलदार विजयप्रकाश तिवारी, सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रणव श्रीवास्तव, डॉ. स्वप्निल, इंस्पेक्टर सुभाष कुमार यादव, चौकी इंचार्ज महादेवा अभिनंदन पांडेय उप निरीक्षक वीरपाल सिंह, सत्रोहन कांस्टेबल सुजीत पुनीत सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।






























