रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर बाराबंकी। थाना क्षेत्र में सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दोनों घटनाओं के बाद परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मामलों में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।पहला हादसा पर ग्राम कटियारा के पास हुआ। कस्बा व थाना रामनगर निवासी हरीश पुत्र सोनेलाल, आर्यन गुप्ता पुत्र सचिन तथा अमित पुत्र बलराम सोमवार को थाना मसौली क्षेत्र स्थित रफी मेमोरियल इंटर कॉलेज से हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही छात्र कटियारा गांव के निकट पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों छात्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद आर्यन और अमित की हालत चिंताजनक देख चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि हरीश का इलाज सीएचसी में चल रहा है। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।दूसरी घटना महादेवा स्थित हरिजन बस्ती के पास हुई। महादेवा निवासी पिंटू पुत्र रामखेलावन पैदल सड़क से जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम अम्बर सिंह पुरवा निवासी अंकुर पुत्र दिनेश अपने मित्र सौरभ पुत्र शिवराम के साथ बाइक से वहां पहुंचे। बताया जाता है कि बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और पिंटू को टक्कर मार दी। हादसे में पिंटू सहित बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए।स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी लाया गया। चिकित्सकों ने पिंटू की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अंकुर और सौरभ का उपचार जारी है। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय का कहना है कि दोनों मामलों में तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वाहन चालकों से तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन न चलाने की अपील की गई है।






























