Naradsamvad

[post-views]

बुढ़वल चौराहे पर बड़ा हादसा टला, नींद की झपकी से पलटी ट्रेलर

रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर बाराबंकी। कस्बा क्षेत्र के रामनगर-बुढ़वल चौराहे पर शनिवार तड़के बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कानपुर से करनैलगंज जा रही मौरंग लदी ट्रक-ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में चली गई और सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में पलट गई। जोरदार धमाके के साथ ट्रेलर के पलटते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि सुबह का समय होने से यातायात कम था, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवे स्थित बुढ़वल चौराहे के पास हीरो एजेंसी के सामने ट्रेलर अचानक डगमगाने लगा। बताया जा रहा है कि चालक को नींद की झपकी आने से वाहन पर नियंत्रण छूट गया और भारी भरकम ट्रेलर रॉन्ग साइड में जाकर गहरे गड्ढे में जा धंसा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।दुर्घटना में चालक अंकित कुमार (30) पुत्र कन्हैयालाल, निवासी हरबंशपुर, थाना बिधनू, जनपद कानपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस (यूपी 32 ईजी 5010) मौके पर पहुंची। ईएमटी अजय कुमार विश्वकर्मा व पायलट संतोष कुमार ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।इधर सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रेलर को हटवाकर यातायात बहाल कराया। कुछ देर तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही।गौरतलब है कि यही स्थान पहले भी हादसों के लिए बदनाम रहा है। पूर्व में इसी गड्ढे में एक ट्रेलर के गिरने से चालक समेत तीन लोगों की जान जा चुकी है। बावजूद इसके अब तक स्थायी सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटनास्थल पर पुख्ता बैरिकेडिंग, संकेतक बोर्ड और गड्ढे की समुचित भराई कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

अन्य खबरे

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

846471
Total Visitors
error: Content is protected !!