रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर बाराबंकी।
गोण्डा-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मसौली पशु बाजार के पास शुक्रवार की देर शाम दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही एक कार ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार चारों लोग सुरक्षित रहे, जबकि एक ट्रक का चालक और खलासी आंशिक रूप से घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, बाराबंकी की ओर से आ रही ट्रक सामने से जा रही ट्रक में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाराबंकी से रामनगर की ओर जा रही एक कार ट्रक के पीछे घुस गई, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई।हादसे में ट्रक चालक तिलकराम पुत्र शंकर और खलासी महादेवराज पुत्र राम अचल, निवासी हीरापुर कमियार, कोतवाली करनैलगंज जनपद गोण्डा घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।वहीं दूसरे ट्रक का चालक सूरज पुत्र रिखाई यादव, निवासी जनपद संत कबीर नगर, थाना दुधवारा, नशे की हालत में पाया गया। पुलिस ने उसे मौके से हिरासत में ले लिया है। मामले में पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।































