रिपोर्ट/कृष्ण कुमार शुक्ला
बाराबंकी। थाना जैदपुर पुलिस ने एटीएम मशीनों को गैस कटर से काटकर चोरी का प्रयास करने वाले तीन शातिर अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से गैस कटर मशीन, एलपीजी व ऑक्सीजन सिलेंडर, तमंचा, कारतूस, चोरी में प्रयुक्त औजार, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन तथा फर्जी नंबर प्लेट लगी क्रेटा कार बरामद की गई है।पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर चोरी, लूट व छिनैती की घटनाओं की रोकथाम एवं त्वरित अनावरण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना जैदपुर पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस व डिजिटल डेटा के आधार पर सोमवार को अहमदपुर गौशाला तिराहे के पास से ग्राम अहमदपुर क्षेत्र में तीनों आरोपितों को धर दबोचा।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राहुल गौड पुत्र गयाप्रसाद गौड, राज कनौजिया पुत्र रामजनम तथा मोहित चौधरी पुत्र रामकुमार चौधरी के रूप में हुई है। तीनों थाना पूराकलंदर जनपद अयोध्या के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि मछली पालन के व्यवसाय में घाटा होने के बाद उन्होंने यूट्यूब से गैस कटर चलाने व एटीएम काटने के तरीके सीखे। इसके बाद अलग-अलग स्थानों से उपकरण खरीदे और क्रेटा कार का नंबर बदलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने लगे।
आरोपितों ने सुल्तानपुर, अयोध्या और इनायतनगर क्षेत्रों में एटीएम मशीनों को गैस कटर से क्षतिग्रस्त कर चोरी के प्रयास की घटनाओं को स्वीकार किया है, जिनके संबंध में संबंधित थानों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।इस मामले में थाना जैदपुर पर मुकदमा संख्या 358/25 धारा 313/318(4)/338/336(3)/340(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं बरामद तमंचे के आधार पर आरोपित राहुल गौड के खिलाफ आर्म्स एक्ट में अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम को मिला पुरस्कार
सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक ने थाना जैदपुर पुलिस टीम को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके कार्य की सराहना की।









