प्रयागराज में अब भाजपा नेता मुस्लिमों को वक्फ संशोधन बिल की खूबियां बताते फिर रहे हैं। जगह जगह आयोजन कर मुस्लिमों को बताया जा रहा है कि नया कानून उनके लिए कितना बेहतर है। इसके लिए मुस्लिम तंजीमों के जरिये लोगों को बुलाया जा रहा है।
.
वक्फ सुधार जनजागरण अभियान के तहत आयोजित अल्पसंख्यक प्रबुद्ध वर्ग संगोष्ठी कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के लिए काम किया। हिंदू मुस्लिम भाई भाई है। हमारा दुश्मन वो है जो हमारे देश में आतंकवादी भेजता है, हमला करवाता है। वक्फ सुधार बिल आम गरीब मुसलमानों व देश के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि देश आगे बढ़े अल्पसंख्यक समाज आगे बढ़े और इसीलिए वक्फ संशोधन बिल लाया गया। भाजपा सरकार समाज को बांटने वालों को कामयाब नहीं होने देगी। महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि पीएम मोदी का संकल्प है 2047 तक विकसित भारत और इसके लिए समाज के सभी वर्गों का समुचित विकास आवश्यक है। समाज की बुराइयों को समाप्त करना होगा। मोदी सरकार ने तीन तलाक जैसे विषय पर मुस्लिम महिलाओं की बेहतरी के लिए सुधार किया। वक्फ सुधार जनजागरण अभियान के महानगर संयोजक डॉ शैलेश पांडेय ने कहा कि कांग्रेस की नीति के चलते हिंदू मुस्लिम का बंटवारा हुआ। कांग्रेस ने मुस्लिम समाज को सिर्फ वोटबैंक समझा। संचालन अल्पसंख्यक मोर्चा महानगर अध्यक्ष नवाब खान ने किया। धन्यवाद ज्ञापन निगहत खान ने किया। कुंज बिहारी मिश्रा, देवेश सिंह, मो.जुबैर खान, बिलाल अहमद, मो. शरीफ, एखलाख हुसैन, सैयद उस्मान, राजेश केसरवानी, विवेक मिश्रा, इम्तियाज गुड्डू, सुनीता चोपड़ा, विजय श्रीवास्तव, विजय पटेल, दीप द्विवेदी, मंजूर खान, मो. अकरम आदि अल्पसंख्यक वर्ग के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।