रिपोर्ट/विवेक शुक्ला
रामनगर-फतेहपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें, पुल चौड़ीकरण की मांग तेज
रामनगर, बाराबंकी : रामनगर-फतेहपुर मार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर गुरुवार शाम भीषण जाम लग गया। जाम के चलते बाइक, कार, ई-रिक्शा समेत अन्य छोटे वाहन घंटों तक फंसे रहे। पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद देर शाम यातायात सामान्य हो सका।यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ता है, जिससे यहां दिनभर वाहनों का आवागमन बना रहता है। शाम के समय बाजार और दफ्तरों से लौटने वाले लोगों की भीड़ बढ़ने पर स्थिति और बिगड़ गई। संकरा पुल होने के कारण आमने-सामने से आने वाले वाहनों को निकलने में दिक्कत हुई और धीरे-धीरे पूरा मार्ग जाम की चपेट में आ गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे ओवरब्रिज की चौड़ाई कम होने के कारण यहां आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। पुल पर वाहनों का दबाव बढ़ते ही यातायात बाधित हो जाता है। लोगों के मुताबिक यह समस्या वर्षों पुरानी है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।कुछ समय पूर्व इसी ओवरब्रिज पर एक बड़ा हादसा भी हो चुका है, जब एक डंपर अनियंत्रित होकर रेलवे लाइन पर जा गिरा था। उस दौरान रेलवे ट्रैक पर ट्रेन गुजर रही थी, लेकिन संयोगवश बड़ा हादसा टल गया था। घटना के बाद रेलवे विभाग और संबंधित अधिकारियों ने पुल का निरीक्षण कर चौड़ीकरण की कवायद शुरू की थी। सुरक्षा के मद्देनजर पुल के दोनों ओर हाइट गेज लगाकर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक भी लगा दी गई थी।इसके बावजूद जाम की समस्या खत्म नहीं हुई। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि केवल भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाने से समस्या का समाधान संभव नहीं है। पुल का चौड़ीकरण ही स्थायी समाधान हो सकता है। क्षेत्रवासियों ने रेलवे विभाग और प्रशासन से जल्द पुल चौड़ा कराने की मांग की है, ताकि लोगों को आए दिन लगने वाले जाम से राहत मिल सके।






























