रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर (बाराबंकी)। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने शनिवार को प्रशासनिक टीम के साथ क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर सख्त रुख अपनाया। निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिलने पर संबंधित विभागों को कड़ी चेतावनी देते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।ग्राम मड़ना में निर्माणाधीन अन्नपूर्णा भवन की गुणवत्ता खराब पाए जाने पर डीएम ने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित विभाग व ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि सटरिंग और ढलाई के दौरान विभागीय अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर कार्य की निगरानी सुनिश्चित करें, ताकि निर्माण में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो।इसके बाद डीएम ने नरैनीपुरवा के पास चौकाघाट–मरकामऊ मार्ग पर निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। पुल निर्माण में प्रयुक्त डस्ट, गिट्टी व अन्य सामग्रियों की गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए अवर अधिशासी अभियंता दीपक चौधरी व अजीत पटेल को कार्य मानक के अनुरूप और निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।कोरिनपुरवा में बाढ़ क्षेत्र के अंतर्गत चल रहे कटान निरोधक कार्यों की समीक्षा करते हुए बाढ़ खंड के अधिकारियों ने नक्शे के माध्यम से परियोजना की जानकारी दी। डीएम ने आगामी बाढ़ को देखते हुए पहले निर्धारित 14 जुलाई की समयसीमा को घटाकर 15 जून तक सभी कार्य हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।कटान रोकने के लिए बोरियों में बालू भरकर किए जा रहे कार्यों का जायजा लेते हुए डीएम ने श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि समय रहते सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।निरीक्षण के दौरान एसडीएम आनंद तिवारी, तहसीलदार विपुल कुमार, सीओ गरिमा पंत, बीडीओ जितेंद्र कुमार, बाढ़ खंड अधिकारी शशिकांत सिंह, ग्राम सचिव ऋषभ पांडेय, निखिल कनौजिया सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।






























