रिपोर्ट/विवेक शुक्ला
रामनगर (बाराबंकी):कस्बा व थाना क्षेत्र स्थित काशीराम कॉलोनी के पास एक मैदान में बीती रात जेसीबी से खुदाई कर संदिग्ध वस्तु दफनाए जाने की चर्चा से इलाके में हड़कंप मच गया। गुरुवार सुबह होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं।बताया जा रहा है कि कॉलोनी के उत्तर दिशा में लिप्टिस की बाग के पास स्थित मैदान में देर रात कुछ लोग चौपहिया वाहन के साथ पहुंचे। उन्होंने जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदकर उसमें कुछ दफनाया और ऊपर से मिट्टी डाल दी। घटनास्थल पर दर्जनों खाली नमक के पैकेट और बोरियां पड़ी मिलीं, जबकि चारपहिया वाहनों के निशान भी साफ दिखाई दे रहे हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार रात करीब एक बजे जेसीबी और वाहनों की लाइटें दिखाई दी थीं, लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण कोई भी मौके पर जाने की हिम्मत नहीं कर सका। सुबह जानकारी होने पर कॉलोनी व आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।घटना को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और यह संशय बना हुआ है कि आखिर रात के समय क्या दफनाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार विपुल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना दे दी गई है और जांच कराई जा रही है।वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष रामशरण पाठक ने भी मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि पुलिस को मौके पर पहुंचकर जांच करनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।































