रिपोर्ट/अंजनी अवस्थी
रामनगर (बाराबंकी)। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रामनगर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज होती जा रही है। इसी बीच भाजपा से संभावित दावेदार माने जा रहे क्षेत्र के सक्रिय नेता शिव प्रकाश अवस्थी उर्फ राहुल की रक्षा मंत्री से नई दिल्ली स्थित आवास पर हुई मुलाकात ने राजनीतिक चर्चाओं को नया मोड़ दे दिया है। इस मुलाकात को रामनगर विधानसभा सीट से उनकी दावेदारी के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।जानकारी के अनुसार शुक्रवार को शिव प्रकाश अवस्थी ने नई दिल्ली पहुंचकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने रक्षा मंत्री को राधा-कृष्ण का प्रतीक चिन्ह भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। सूत्रों की मानें तो मुलाकात के दौरान क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की स्थिति, भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।शिव प्रकाश अवस्थी लंबे समय से रामनगर क्षेत्र में सक्रिय राजनीति कर रहे हैं। सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी निरंतर भागीदारी के चलते क्षेत्र में उनकी पहचान एक सक्रिय भाजपा नेता के रूप में बनी है। पिछले कुछ समय से वह क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क अभियान चलाकर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटे हुए हैं।राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि चुनावी माहौल में केंद्रीय नेतृत्व से इस प्रकार की मुलाकातें काफी महत्वपूर्ण संकेत देती हैं। इससे न सिर्फ संभावित उम्मीदवार की दावेदारी को मजबूती मिलती है, बल्कि क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच भी सकारात्मक संदेश जाता है।रामनगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा टिकट को लेकर पहले से ही कई नाम चर्चा में हैं। ऐसे में शिव प्रकाश अवस्थी की रक्षा मंत्री से मुलाकात के बाद क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां और तेज हो गई हैं। स्थानीय स्तर पर इस मुलाकात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और इसे आगामी चुनावी समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।हालांकि भाजपा की ओर से अभी तक किसी भी उम्मीदवार के नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगाई गई है। अब सबकी निगाहें पार्टी नेतृत्व के फैसले पर टिकी हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव में रामनगर सीट से किसे मैदान में उतारा जाएगा।































