बाराबंकी में फिर लगे विरोधी पोस्टर, सपा नेताओं ने जताई कड़ी नाराजगी !
ब्यूरो रिपोर्ट राहुल त्रिपाठी
बाराबंकी :- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के विरोध में बाराबंकी शहर में एक बार फिर पोस्टर लगाए जाने से सियासी माहौल गरमा गया है। सोमवार सुबह शहर के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए पोस्टरों को लेकर सपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में नाराजगी देखने को मिली।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह गोप ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अखिलेश यादव देश के बड़े नेताओं में शामिल हैं और उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की हरकतें छोटी और नकारात्मक मानसिकता का परिचायक हैं।
अरविंद सिंह गोप ने कहा कि पोस्टर लगाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिला प्रशासन से बात की गई है और आरोपियों की तलाश जारी है। प्रशासन से दोषियों की गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर अखिलेश यादव की लोकप्रियता और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन ऐसे प्रयास सफल नहीं होंगे। सपा कार्यकर्ताओं ने भी इस घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।