Skip to main content

Naradsamvad

[post-views]

पूर्व MLC कुँवर जयेश प्रसाद ने महामहिम राज्यपाल से मिलकर उठाईं जिले की 11 प्रमुख माँगें; कथित फर्जी मुठभेड़ की उच्चस्तरीय जाँच की माँग !

रिपोर्ट अनुराग राजू मिश्रा (यूपी हेड)

शाहजहाँपुर:- ‘स्वाभिमान सारथी’ संस्था के माध्यम से पूर्व विधान परिषद सदस्य (MLC) कुँवर जयेश प्रसाद ने उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल को एक 11 सूत्रीय मांग पत्र भेजा है। इस पत्र में जनपद शाहजहाँपुर के नागरिकों, किसानों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से प्राप्त सुझावों व शिकायतों के आधार पर जिले की विभिन्न जनहित और समाजहित की समस्याओं की ओर राज्यपाल का ध्यान आकर्षित कराया गया है।

खुटार में कथित फर्जी मुठभेड़ और लाठीचार्ज की उच्चस्तरीय जाँच की माँग

मांग पत्र में सबसे गंभीर मुद्दा जनपद के थाना खुटार के अंतर्गत ग्राम-हरनाई का उठाया गया है। कुँवर जयेश प्रसाद ने आरोप लगाया है कि विगत दिनों पुलिस द्वारा ग्राम-हरनाई के निवासी गुड्‌डू शर्मा नामक व्यक्ति को कथित तौर पर फर्जी मुठभेड़ दिखाकर पैरों में गोली मार दी गई। पत्र के अनुसार, उक्त व्यक्ति को ग्राम प्रधान और अन्य ग्रामीणों ने खुद सुरक्षित पुलिस को सौंपा था। इसके बाद जब ग्रामीणों ने इस झूठे मुकदमे का विरोध किया, तो पुलिस ने महिलाओं और पुरुषों में बिना भेद किए उन पर बर्बरतापूर्वक लाठियाँ बरसाईं। पूर्व MLC ने इस पूरी घटना की उच्चस्तरीय जाँच कराने के आदेश देने की पुरजोर माँग की है।

पत्र में कथित पुलिस उत्पीड़न के अलावा शाहजहाँपुर की बुनियादी समस्याओं को लेकर निम्नलिखित प्रमुख बिंदु उठाए गए हैं

सड़क और जल निकासी: सीवर लाइन के लिए खोदी गई प्रमुख सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए और आबादी वाले क्षेत्रों में जलभराव व जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

स्वास्थ्य सेवाएँ: जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जीवन रक्षक दवाओं तथा आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं में बढ़ोतरी की जाए।

शिक्षा व रोजगार: जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए नए महाविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों की स्थापना की जाए। साथ ही युवाओं का पलायन रोकने के लिए नए उद्योगों और रोजगारपरक परियोजनाओं की शुरुआत हो।

किसानों की समस्याएँ: किसानों के लिए खाद की किल्लत दूर कर उपलब्धता बढ़ाई जाए और आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान को रोकने के लिए उन्हें सरकारी गौशालाओं में भिजवाने के प्रभावी कदम उठाए जाएं।

शहरी व्यवस्था: नगर क्षेत्र में स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

विशेष पैकेज: जनपद के समग्र विकास के लिए शासन से एक ‘विशेष विकास पैकेज’ प्रदान किए जाने की मांग की गई है।

पूर्व MLC कुँवर जयेश प्रसाद ने राज्यपाल से विनम्र अनुरोध किया है कि जनहित से जुड़े इन सभी गंभीर विषयों पर आवश्यक कार्यवाही हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित करने की कृपा करें, ताकि शाहजहाँपुर के नागरिकों को राहत मिल सके और क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सके।

 

अन्य खबरे

कोका-कोला SLMG विवरेज कंपनी के सहयोग से आज दिनांक 31 अगस्त 2026 के दिन जिलाधिकारी कार्यालय में जापान में बनी मतसुंगा बैडमिंटन व्हीलचेयर को जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप जी के हाथों राष्ट्रीय खिलाड़ी सिर्फ प्रहलाद को प्रदान की गई !

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

1434116
Total Visitors
error: Content is protected !!