रिपोर्ट/रिशु गुप्ता

रामसनेहीघाट, बाराबंकी। आदर्श नगर पंचायत रामसनेहीघाट के पायका स्टेडियम में बुधवार को उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (यूपीसीओएस) के पोर्टल एवं वेबसाइट के लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने यूपीसीओएस पोर्टल एवं वेबसाइट का लोकार्पण करते हुए इसे आउटसोर्स कार्मिकों के हितों की सुरक्षा और व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के पहुंचने पर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी संतोष चौधरी और तहसीलदार शशांक नाथ उपाध्याय ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान अधिकारियों ने अन्य अतिथियों का भी अभिनंदन किया।राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि यूपीसीओएस की डिजिटल व्यवस्था से आउटसोर्स कार्मिकों को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। पोर्टल और वेबसाइट के जरिए आउटसोर्स सेवाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं को अधिक सरल, सुगम और जवाबदेह बनाया जा सकेगा। इससे कार्मिकों के हितों की सुरक्षा के साथ ही चयन एवं सेवा व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी।उन्होंने कहा कि सरकार तकनीक के माध्यम से व्यवस्थाओं को सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। डिजिटल प्लेटफार्म से संबंधित लोगों को जानकारी और सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष नीरज सिंह, सभासदगण, नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।






















