रिपोर्ट: अनुराग राजू मिश्रा
शाहजहांपुर के नगरिया स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में सरकारी संपत्ति की लूट का मामला सामने आया है। यहां परिसर में मौजूद यूकेलिप्टस के पेड़ों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये थी, जिन्हें कथित तौर पर महज 70 हजार रुपये में बेच दिया गया।
इस मामले में पीएचसी अधीक्षक, एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और वन विभाग के बीच मिलीभगत के गंभीर आरोप लगे हैं। नगरिया पीएचसी परिसर में 300 क्विंटल से अधिक वजन के यूकेलिप्टस के पेड़ थे, जिनकी वर्तमान बाजार कीमत 3 लाख रुपये से अधिक आंकी गई थी।
नियमों को ताक पर रखकर की गई डील
नियमों के मुताबिक किसी भी सरकारी संपत्ति या पेड़ों को बेचने से पहले सार्वजनिक नीलामी के लिए औपचारिक अधिसूचना जारी करनी होती है। आरोप है कि पीएचसी अधीक्षक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुनील ने सभी नियमों को दरकिनार करते हुए कांत के एक ठेकेदार के साथ गुप्त रूप से 70 हजार रुपये में सौदा तय कर लिया।
सूत्रों के अनुसार, इस लेनदेन के लिए चालाकी से योजना बनाई गई थी। तय हुआ कि 70 हजार रुपये सरकारी खजाने में जमा किए जाएंगे, जबकि 1 लाख रुपये रिश्वत के तौर पर अलग से लिए जाएंगे। चर्चा है कि ठेकेदार से 50 हजार रुपये नकद पहले ही लिए जा चुके हैं। इस अवैध वसूली को स्टाफ क्वार्टरों की मरम्मत और पेंटिंग के नाम पर सही ठहराया जा रहा है।
वन विभाग और अधिकारियों की भूमिका
संदेह तब और गहरा गया जब पता चला कि एक अन्य ठेकेदार उन्हीं पेड़ों के लिए 2 लाख रुपये तक देने को तैयार था, लेकिन उस प्रस्ताव को किनारे कर दिया गया। सरकारी पेड़ों का मूल्यांकन करने की जिम्मेदारी वन विभाग की होती है और आरोप है कि विभाग के अधिकारियों ने जानबूझकर पेड़ों का कम मूल्यांकन करने के लिए वित्तीय समझौता किया।
स्थानीय निवासियों और विशेषज्ञों का कहना है कि यदि जिला मजिस्ट्रेट वर्तमान बाजार दरों और पेड़ों के वजन के आधार पर मौके पर निष्पक्ष पुनर्मूल्यांकन का आदेश दें, तो सच्चाई सामने आ जाएगी। चूंकि पेड़ों को अभी तक काटा नहीं गया है, इसलिए सरकार को होने वाले लाखों रुपये के राजस्व नुकसान को रोका जा सकता है।









