Skip to main content

Naradsamvad

[post-views]

 मई बाजार में खूनी संघर्ष, युवक की मौत; इलाके में भारी पुलिस बल तैनात।

 जौनपुर :- बक्शा थाना क्षेत्र के मई गांव में सोमवार दोपहर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 20 वर्षीय युवक सुमित कुमार सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। एहतियातन मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे मई बाजार में हुई। मृतक सुमित कुमार सिंह, जो बदलापुर क्षेत्र के देवरिया गांव के निवासी थे, अपनी बाइक बनवाने के लिए साथियों के साथ बाजार आए थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि विवाद के दौरान सुमित पर घटनास्थल के पास रखे बांस-बल्ली से ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौपेड़वा ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बक्शा थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव, सीओ सदर परमानंद कुशवाहा, सीओ बदलापुर, थानाध्यक्ष बदलापुर और थानाध्यक्ष तेजी बाजार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

मृतक के पिता नीरज कुमार सिंह उर्फ गुड्डू ने बताया कि उनके दो पुत्र थे, जिनमें सुमित सबसे छोटे थे। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है 

अन्य खबरे

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

1389756
Total Visitors
error: Content is protected !!