रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर, बाराबंकी। ज्येष्ठ माह के प्रथम मंगलवार को तहसील क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। हनुमान मंदिरों सहित विभिन्न स्थानों पर समाजसेवियों द्वारा भंडारों का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। दिनभर चले इन धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया और पुण्य लाभ अर्जित किया।कस्बे के पक्का तालाब स्थित हनुमान मंदिर पर पुजारी द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहां सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर भगवान हनुमान के दर्शन किए। वहीं लखरौरा स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर पर भी भोर से ही भक्तों का सैलाब देखने को मिला। पूरे दिन मंदिर परिसर में जयकारों और भक्ति गीतों की गूंज बनी रही, जिससे वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंगा रहा।कस्बे के मोहल्ला रानी में समाजसेवी अवनीश मिश्रा द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं को सब्जी, पूरी और बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया। इस आयोजन में हरीश मिश्रा सहित कई लोगों ने सक्रिय सहयोग किया। वहीं अमरीश मिश्रा ने युगांत शुक्ला व अन्य सहयोगियों के साथ बाइक के माध्यम से नगर के विभिन्न मोहल्लों में घर-घर जाकर बूंदी का प्रसाद वितरित कर सेवा भाव की मिसाल पेश की।भंडारे में पूर्व विधायक शरद अवस्थी, नगर पंचायत अध्यक्ष रामशरण पाठक, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह, बीपीएन एकेडमी प्रबंधक बोधायन दास महाराज, पूर्व सभासद दयाशंकर तिवारी, अधिवक्ता शिव प्रसाद अवस्थी, रामकुमार सोनी, सोनू शुक्ला सहित तमाम गणमान्य लोगों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और आयोजकों के सेवा कार्य की सराहना की।इसके अतिरिक्त तहसील क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी भक्तों व समाजसेवियों द्वारा भंडारे आयोजित किए गए, जहां दिनभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। देर शाम तक मंदिरों में दर्शन-पूजन का क्रम जारी रहा। पूरे दिन चले इन आयोजनों से रामनगर क्षेत्र में आस्था, सेवा और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला।






























