रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

युवक की मौत के बाद हाईवे जाम के दौरान हुई थी हिंसा, गांव में पुलिस-पीएसी तैनात, फ्लैग मार्च जारी।
रामनगर (बाराबंकी)। कटियारा गांव में युवक की मौत के बाद हुए बवाल और पुलिस पर पथराव के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। हल्का उपनिरीक्षक की तहरीर पर 15 नामजद व 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस व पीएसी तैनात है और लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है।कटियारा गांव निवासी 21 वर्षीय जितेंद्र का शव मंगलवार को फंदे से लटका मिला था। प्रारंभ में परिजनों ने प्रेम प्रसंग के विवाद में हत्या कर शव लटकाए जाने का आरोप लगाया था। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया और नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस के समझाने का प्रयास विफल होने पर भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। घटना में कोतवाल समेत आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि कई सरकारी और निजी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। करीब दो घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा।सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, एसडीएम आनंद कुमार तिवारी, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित कर शव का अंतिम संस्कार कराया और यातायात बहाल कराया। बाद में पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा सीएचसी पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना।
बॉक्स : चार आरोपित गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
हल्का उपनिरीक्षक ललित कुमार की तहरीर पर जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा, बलवा, पथराव और जान से मारने की धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने भूपेंद्र, चंदन, शिवकुमार उर्फ शिवा और शैलेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
बॉक्स : पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि
पुलिस के अनुसार, मृतक जितेंद्र की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट में मृत्यु का कारण फांसी लगने से होना पाया गया है, जिससे प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का सामने आया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बॉक्स: घटना के बाद गाँव मे पसरा सन्नाटा पीएसी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत के नेतृत्व में पुलिस लगातार फ्लैग मार्च कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल मौजूद है।
























