लखनऊ :- विभूतिखंड थाना क्षेत्र स्थित सम्मिट बिल्डिंग में क्राइम ब्रांच और साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़े फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, यह कॉल सेंटर लंबे समय से देश और विदेश में ऑनलाइन ठगी के नेटवर्क के रूप में काम कर रहा था। आरोप है कि यहां से लोगों को अमेजॉन समेत अन्य ऑनलाइन कंपनियों के नाम पर कॉल कर रिफंड दिलाने का झांसा दिया जाता था और फिर उनसे ठगी की जाती थी।
सूत्रों के मुताबिक, कॉल सेंटर में 100 से अधिक कर्मचारी काम कर रहे थे, जिनमें करीब 30 युवतियां भी शामिल हैं। सभी को किराए के ऑफिस में बैठाकर स्क्रिप्ट के जरिए लोगों को कॉल करने के लिए प्रशिक्षित किया गया था।
बताया जा रहा है कि इस पूरे गिरोह का सरगना विदेश में बैठकर नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा था, जबकि स्थानीय स्तर पर कुछ लोग इसकी निगरानी कर रहे थे।
मंगलवार देर रात करीब 1 बजे मिली सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और साइबर सेल की टीम ने छापा मारा। कई घंटों तक चली इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिया गया और उनसे पूछताछ जारी है।
पुलिस अब इस मामले में जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है। जल्द ही इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।