सावन में रुद्राभिषेक से शिवमय हुआ शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज परिसर
रिपोर्ट:- अंजनी कुमार अवस्थी
बाराबंकी:- पवित्र सावन मास के अवसर पर शुक्रवार को शरीफाबाद (सतरिख) स्थित शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज परिसर में भव्य रुद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भाजपा नेत्री एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य अलका मिश्रा तथा उमेश मिश्रा के संयोजन में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
सुबह 10 बजे से प्रारंभ हुआ रुद्राभिषेक कार्यक्रम शाम पांच बजे भव्य आरती के साथ संपन्न हुआ। आचार्य सुभाष देव भ्रमर के नेतृत्व में विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ रुद्राष्ट्याधायी का पाठ कराया। इसके साथ ही रुद्राष्टकम, लिंगाष्टकम और शिव तांडव स्तोत्र की संगीतमयी प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रामसिंह भुल्लन वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, पूर्व विधान परिषद सदस्य हरगोविंद सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष सिंह, रामनगर ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी, ब्लॉक प्रमुख रवि रावत, डॉ. विवेक वर्मा, बृजेश रावत और अमित वर्मा समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रामनगर विधानसभा क्षेत्र समेत जनपद के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान परिसर में लगातार गूंजते ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से माहौल शिवमय बना रहा। समापन पर विधिवत आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।






















