नगर की समस्या, नगर का समाधान—जनसेवा के संकल्प के साथ लगातार सक्रिय नगर पंचायत हैदरगढ़ !
रिपोर्ट:- राघवेन्द्र मिश्रा
हैदरगढ़:- नगर पंचायत हैदरगढ़ में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष आलोक तिवारी लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए नगर पंचायत स्तर पर मौके पर पहुंचकर समाधान कराने की पहल की जा रही है।
इसी क्रम में ब्रह्मनान वार्ड में जलभराव की सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष आलोक तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जलभराव के कारण स्थानीय नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और समस्या का केवल तत्काल नहीं, बल्कि स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान आलोक तिवारी ने कहा कि, “जब जनता किसी समस्या से जूझ रही हो, तब जनसेवक का दायित्व है कि वह उनके बीच पहुंचे और समाधान की दिशा में तत्काल कदम उठाए। नगर की जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाना हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है।”
उन्होंने कहा कि मुख्य बाजार समेत नगर के कई क्षेत्रों में जलनिकासी व्यवस्था में सुधार से लोगों को राहत मिली है। साथ ही नगर के प्रत्येक वार्ड में जलभराव की समस्या को कम करने और बेहतर जलनिकासी व्यवस्था विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
नगर पंचायत हैदरगढ़ की ओर से स्वच्छता, जलनिकासी, विकास और जनसुविधाओं के विस्तार को लेकर कार्यों को गति देने की बात कही गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या की सूचना पर जिम्मेदारों के मौके पर पहुंचने से समाधान की उम्मीद मजबूत होती है।
जनता की समस्या—नगर पंचायत की जिम्मेदारी, समाधान के लिए निरंतर प्रयास।