गंगा एक्सप्रेसवे पर आम से लदी पिकअप को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, दो की मौके पर मौत
राघवेन्द्र मिश्रा (एडिटर)
बदायूं : जनपद के थाना मूसाझाग क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आम से लदी एक पिकअप को पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र से आम लादकर एक पिकअप पंजाब के भठिंडा जा रही थी। जब वाहन थाना मूसाझाग क्षेत्र के बजरमेरी गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर पहुंचा, तभी पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने पिकअप में तेज टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृतकों की शिनाख्त कराने के साथ ही फरार अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
































