Naradsamvad

[post-views]

बाराबंकी में 8.80 करोड़ की दो परियोजनाओं का एमएलसी अंगद सिंह ने किया लोकार्पण

 

नारायण पुल का एमएलसी अंगद सिंह द्वारा किया गया लोकार्पण।

एडिटर जर्नलिस्ट केके शुक्ला नारद संवाद न्यूज

रामनगर (बाराबंकी), बुधवार। तहसील रामनगर क्षेत्र के मढ़ना गांव स्थित नरैना नाला पर निर्मित 3×18 मीटर आरसीसी लघु सेतु का बुधवार को लोकार्पण किया गया। साथ ही क्षतिग्रस्त लघु सेतु के स्थान पर बनने वाले 5×5×4 मीटर आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट (कटका नाला पुल) का शिलान्यास भी संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अंगद सिंह रहे, जबकि पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी ने अध्यक्षता की। कार्यक्रम का संचालन तेज प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने किया।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उदित भटनागर, अवर अभियंता अनंत प्रताप सिंह एवं अजीत पटेल ने बताया कि नरैना नाला पर निर्मित 3×18 मीटर आरसीसी लघु सेतु की स्वीकृत लागत 5.66 करोड़ रुपये (566 लाख रुपये) है। वहीं कटका नाला पर प्रस्तावित 5×5×4 मीटर आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट की स्वीकृत लागत 3.14 करोड़ रुपये (313.80 लाख रुपये) है। दोनों परियोजनाओं की कुल लागत 8.80 करोड़ रुपये (879.80 लाख रुपये) है। उन्होंने बताया कि नरैना नाला पुल परियोजना की लागत में प्रभावित किसानों को दिया गया मुआवजा भी शामिल है।
पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी ने कहा कि महादेवा-कोटवाधाम-अयोध्या मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। नरैना नाला पुल के निर्माण से वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हुआ है तथा हजारों ग्रामीणों, किसानों और श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्य अतिथि एमएलसी अंगद सिंह ने कहा कि आज नरैना नाला पुल का लोकार्पण तथा कटका नाला पुल का शिलान्यास किया गया है। अयोध्या से लोधेश्वर महादेव धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है और राष्ट्रीय राजमार्ग से भी जुड़ा हुआ है। सरकार क्षेत्र में सड़क, पुल एवं पुलियों के निर्माण को प्राथमिकता दे रही है। शीघ्र ही मार्ग की मरम्मत और चौड़ीकरण का कार्य भी कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि नरैना नाला पुल, कटका नाला पुल एवं दुर्गापुर पुलिया निर्माण जैसी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई गति देंगी।
इस अवसर पर तेज प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, अरुण प्रताप सिंह उर्फ राहुल, एमएलसी प्रतिनिधि कुलदीप सिंह, मंडल अध्यक्ष महादेवा अमित सिंह, अमित अवस्थी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख जगदीश धीमान, पंकज सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह, प्रवेश शुक्ल उर्फ नानमून, टिल्लू सिंह, राजेश अवस्थी, दिवाकर पांडे, राजदेव यादव, पुनीत पटेल, दुर्गादयाल मिश्र, रामनरेश यादव, उमेश प्रताप सिंह, विजय प्रताप सिंह, आकाश तिवारी, मनीष अवस्थी तथा सुखराज सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का स्वागत किया गया तथा क्षेत्रवासियों ने सरकार एवं लोक निर्माण विभाग का आभार व्यक्त किया।

अन्य खबरे

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

1088874
Total Visitors
error: Content is protected !!