Skip to main content

Naradsamvad

ब्रेकिंग न्यूज़

लोधेश्वर महादेव के अभरण सरोवर पर 5100 दीप जलाकर आतिशबाजी कर महादेवा महोत्सव का हुआ समापन

Naradsamvad
Naradsamvad - Narad news Agency
9 Min Read

Ad image

कृष्ण कुमार शुक्ल, नारद संवाद न्यूज़ एजेंसी
बाराबंकि। सात दिवसीय महादेवा महोत्सव के अंतिम दिवस सांस्कृतिक मंच पर विविध कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए। अंतिम दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ एडीएम न्यायिक इन्द्रसेन, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी चिरंजीव नाथ सिन्हा, पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, ब्लॉक प्रमुख सूरतगंज लकी सिंह, एसडीएम पवन कुमार, तहसीलदार भूपेंद्र विक्रम सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इसके बाद कलाकारों ने अनेक मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देकर दर्शको को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की संध्या में आज की शाम में दीप शिखा द्वारा लोक नृत्य प्रस्तुत किया गया। उसके उपरांत मसाने की होली काशी वाली, ब्रज की होली मथुरा वाली खेली गई, मयूर नृत्य देखकर सभी दर्शक झूमने पर मजबूर हो गए। महादेवा महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न होने के बाद लोधेश्वर महादेव मंदिर में 5100 दीपक जलाकर भव्य दीपोत्सव मनाया गया। जिससे शिव तीर्थ जगमग जगमग करने लगा। इसके उपरांत मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) इंद्रसेन, अपर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा और पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी द्वारा अधिकारियों, कर्मचारियों और पत्रकारों को लोधेश्वर महादेव की प्रतिमा व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत भव्य अतिशबाजी के साथ महादेवा महोत्सव के समापन की औपचारिक घोषणा की गई। महादेवा महोत्सव के समापन के अवसर पर, क्षेत्राधिकारी सौरभ श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार सैयद तहजीब हैदर और अभिषेक कुमार सहित कोतवाल अजय त्रिपाठी, महादेवा चौकी प्रभारी सन्तोष त्रिपाठी, लेखाकार सूचना विभाग सुशील कुमार, जिला पंचायत प्रतिनिधि प्रवेश कुमार शुक्ला सहित राजस्व कर्मी पुलिसकर्मी एवं महोत्सव में बैठे तमाम दर्शक मौजूद रहे। मंच का संचालन प्रवक्ता आशीष पाठक ने किया।

काशी वाली मसाने की होली कार्यक्रम की प्रस्तुति रही शानदार :

महादेवा महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में काशी वाली मसाने की होली की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। निदेशक सोनू मनमौजी व साथी कलाकारों द्वारा कार्यक्रम की शुरुआत, मसाने की होली नृत्यगीत, होली खेले मसाने में, की प्रस्तुति से की गई। इसके बाद शिव विवाह, शिव सती वियोग, महाकाल की आरती और अघोरी नृत्य की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। कार्यक्रम में निदेशक सोनू मनमौजी, व साथी कलाकार सपना साहनी, छोटू चौहान आदि ने कार्यक्रम को ऊचांइयों पर पहुँचाया।

ब्रज की फूलों व लट्ठमार होली पर दर्शक हुए मंत्रमुग्ध :

महादेवा महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतिम दिवस ब्रज दर्शन फोक ग्रुप के कलाकारों द्वारा ब्रज की फूलों व लट्ठमार होली की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। टीम की कलाकार जया सक्सेना, सोनू निगम ठाकुर, पुष्पेंद्र कुमार आदि कलाकारों ने दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।

लोकगीत एवं बॉलीवुड गायिका शुचिता पांडेय के गीतों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध :

महादेवा महोत्सव में गुरुवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में लोकगीत एवं बॉलीवुड गायिका शुचिता पाण्डेय एंड ग्रुप के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक अवधी, बॉलीवुड सहित अनेक विधाओं में गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर महादेवा के सांस्कृतिक पाण्डल में बैठे दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने अपने गीत की शुरुआत, अच्युतम केशवं शिव दामोदरं गीत से की। इसके बाद, मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे राम आयेंगे। इसके बाद नगरी हो अयोध्या सी, तुम उठो, सिया श्रृंगार करो, कैलाश के निवासी नमो बार-बार, इसके बाद, जेकर नाथ भोलेनाथ ऊ अनाथ कैसे होई, राम को देखकर श्री जनक नंदिनी आदि गीतों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। इसके बाद झुमका बरेली वाला, कजरा मोहब्बत वाला, जिसका मुझे था इंतजार और बिंदिया चमकेगी आदि बॉलीवुड गीतों पर दर्शकों थिरकने पर मजबूत कर दिया। इस मौके पर उप जिलाधिकारी रामनगर, पवन कुमार, तहसीलदार भूपेंद्र विक्रम सिंह, नायाब तहसीलदार सैयद तहजीब हैदर, प्रवक्ता डायट गनेशपुर आनंद यादव, महेन्द्र यादव सहित तमाम अतिथिगण उपस्थित रहे।

ढेढिया लोकनृत्य की प्रस्तुति पर झूमें दर्शक :

महादेवा महोत्सव के अंतिम दिवस सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में सांस्कृतिक लोकदल की नृत्यांगना दीपशिखा और उनकी साथी कलाकारों द्वारा मनमोहक लोकनृत्य की प्रस्तुतियां दी गयी। उन्होंने अपने कार्यक्रम की शुरुआत, उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध लोकनृत्य ढेढिया, चलो ढेढिया उतार सावर गोरिया ना, की मनमोहक प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद गंगा गीत, गंगा की महिमा अपार और माता गीत, लाल चूड़ियां चढ़ाऊँ, और छठी मईया गीत, ऑइल छठी के त्योहार पर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। कार्यक्रम में नृत्यांगना दीपशिखा, वंशिका, राधिका, पायल, अंशिका, ऐश्वर्या और नन्दनी आदि ने कार्यक्रम को बुलन्दियों पर पहुँचाया।

महादेवा महोत्सव में दंगल प्रतियोगिता के अंतिम दिवस देश विदेश के नामचीन पहलवानों ने की जोर आजमाइश:

21हजार की नामी कुश्ती में दिल्ली के पहलवान बलवान ने बग्गा पहलवान पंजाब को दी पटकनी :

महादेवा महोत्सव के अंतिम दिवस दंगल प्रतियोगिता में एक दर्जन कुश्तिया हुई जिसमें देश व विदेश के नामचीन पहलवानों ने जीत हार के लिये जोर आजमाइश की। दंगल की आखरी रोमांचक कुश्ती 21हजार की बग्गा पहलवान पंजाब व बलवान पहलवान दिल्ली के बीच हुई जिसमें हुए रोमांचक मुकाबले में बलवान पहलवान ने बग्गा को पटखनी देखकर जीत हासिल की। दंगल प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी व विशिष्ट अतिथि नायब तहसीलदार सैयद तहजीब हैदर व बाबा मुरारी दास ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। पहली कुश्ती मोनू पहलवान राजस्थान व मोहम्मद फैजल गनी जम्मू कश्मीर के मध्य हुई जिसमें कांटे के मुकाबले में मो0 फैजल गनी ने बाजी मारी। दूसरा मुकाबला बाबा योगेंद्र दास हनुमानगढी अयोध्या व ठाकुर पहलवान चंबल के बीच हुआ जिसमें बाबा योगेंद्र दास ने ठाकुर पहलवान को पटखनी दी। तीसरी कुश्ती शंकर थापा नेपाल व सुरेंद्र राजस्थान के बीच हुई जिसमें शंकर थापा ने सुरेंद्र को चारों खाने चित किया। चौथा मुकाबला मनोज पहलवान गाज़ीपुर व मोनू पहलवान राजस्थान के बीच हुआ जिसमें विनोद पहलवान ने बाजी मारी।पांचवा मुकाबला भीम पहलवान चंबल व कृष्णकांत नंदिनी नगर गोंडा के बीच में हुआ जिसमें कांटे की टक्कर रही तथा कुश्ती बराबर पर छूटी। छठी कुश्ती बाबा नागेंद्र दास अयोध्या व भीम पहलवान चंबल के बीच हुआ जिसमें बाबा नागेंद्र दास ने फ़तेह हासिल की। सातवीं कुश्ती सोनू पहलवान पंजाब व बॉबी मिश्रा लखनऊ के बीच हुई जिसमें बॉबी मिश्रा ने जीत हासिल की। आठवां मुकाबला मनजीत चंबल व अशोक दिल्ली के बीच हुआ जिसमें मनजीत ने मुकाबला जीता। इसके बाद मुशर्रफ बाराबंकी व बलबीर रामनगर के बीच हुआ जिसमें बालवीर ने बाजी मारी। दसवीं कुश्ती शंकर थापा नेपाल व फैजल गनी जम्मू के बीच हुई जिस मुकाबले में शंकर थापा नेपाल ने बाजी मारी, 11वां मुकाबला बाबा योगेंद्र दास अयोध्या व शंकर थापा के बीच में हुआ जिसमें बाबा योगेंद्र दास विजयी रहे और 21सौ का इनाम जीता, बारहवीं आखिरी रोमांचक कुश्ती बग्गा पहलवान पंजाब व बलवान दिल्ली के बीच में हुई जिसमें बलवान ने बग्गा को चारों खाने चित कर 21 हजार का इनाम जीता। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक शरद कुमार अवस्थी, ब्लॉक प्रमुख सूरतगंज प्रतिनिधि शेखर हयारण व दंगल के संयोजक बाबा सौरभ दास ने पत्रकारों व सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर अंजाम देने वाले पुलिस कर्मियों को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मोहित अवस्थी जिला पंचायत प्रतिनिधि प्रवेश कुमार शुक्ला, डॉ रामानंद वर्मा, श्यामू अवस्थी, सुरेंद्र सिंह, सोनू प्रधान लवकुश मिश्रा, उमेश मिश्रा, दीन मोहम्मद, मोनू तिवारी, अनन्त राम यादव सहित भारी संख्या में दंगल प्रेमी मौजूद रहे। रेफरी की भूमिका बाबा गुरचरण दास अयोध्या ने निभाई।

ALSO READ  अखिलेश यादव का वादा: सत्ता में आने पर उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के लिए बनेगा म्यूजियम
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
Search
अपना ज़िला चुनें
error: Content is protected !!