रिपोर्ट/विवेक शुक्ला
रामनगर (बाराबंकी)। रामनगर पुलिस ने घर में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफल खुलासा करते हुए आरोपी नौकर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6.25 लाख रुपये नकद और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।लोधौरा गांव निवासी ललिता किन्नर ने 8 जुलाई को थाना रामनगर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके यहां काम करने वाले नौकर विवेक सिंह उर्फ गोलू उर्फ बिछी ने उनकी अनुपस्थिति में घर से नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में गठित टीम ने डिजिटल साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से शुक्रवार को पुराने हाईवे के पास से आरोपी विवेक सिंह उर्फ गोलू उर्फ बिछी निवासी रसूलपुर, थाना सोहरामऊ उन्नाव को गिरफ्तार कर लिया।आरोपी के कब्जे से 6,25,300 रुपये नकद के अलावा सोने की अंगूठियां, चेन, बालियां, लॉकेट, नाक की कील, सिक्के व अन्य आभूषण तथा चांदी की पायल, बिछिया, अंगूठियां, चेन, कुण्डल, हाथफूल, चांदी के बिस्किट और सिक्के बरामद हुए हैं।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह वादिनी के यहां नौकर था और 8 जुलाई को उनकी गैरमौजूदगी में नकदी व जेवरात चोरी कर ले गया था। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है।प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में महादेवा चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार पाण्डेय सहित पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
























