रिपोर्ट/राहुल त्रिपाठी
पीड़ित पक्ष ने कार्रवाई में देरी का लगाया आरोप, पुलिस ने जांच शुरू की
बाराबंकी जहांगीराबाद। थाना क्षेत्र के मैगलपुर गांव में मामूली विवाद को लेकर दबंगों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला समेत कई लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी और उत्पीड़न का आरोप लगाया है।घटना 14 जुलाई की रात करीब आठ बजे की है। पीड़ित अनुज कुमार रावत के अनुसार गांव के रामचंद्र, मनोज कुमार, कृष्णावती और मल्लखान ने विवाद के दौरान उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला कृष्णावती को भी नहीं बख्शा और उनके साथ मारपीट कर घायल कर दिया। इस दौरान एक मोटरसाइकिल और कार में भी तोड़फोड़ की गई।मारपीट में अनुज पक्ष के मनोज, मल्लखान, अंकित और कृष्णावती सहित कई लोग घायल हुए। सभी घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवा में चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मेडिकल रिपोर्ट में चोटों का सही आकलन नहीं किया गया, जबकि उन्हें इससे कहीं अधिक गंभीर चोटें आई हैं।पीड़ित अनुज कुमार रावत का कहना है कि पुलिस को तहरीर देने के बावजूद अब तक आरोपितों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका आरोप है कि कार्रवाई करने के बजाय पुलिस उन्हें ही परेशान कर रही है।थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।























