43 रुपये के लिए वर्दी की गरिमा दांव पर, बस में दरोगा–कंडक्टर की तीखी बहस !
रिपोर्ट:- राघवेंद्र मिश्रा
उत्तर प्रदेश के एत्मादपुर–कुबेरपुर रूट पर चलने वाली एक बस में एक पुलिस अधिकारी (दरोगा) और कंडक्टर के बीच महज 43 रुपये के किराए को लेकर हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दरोगा जी बस में सवार दिखते हैं, लेकिन जब कंडक्टर उनसे टिकट के लिए पैसे मांगता है तो वह यह कहते हुए इनकार कर देते हैं कि इस स्टॉप से टिकट नहीं बनती।
कंडक्टर नियमों का हवाला देते हुए अपने फैसले पर कायम रहता है, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो जाती है। वर्दी में होने के बावजूद दरोगा जी का यह रवैया लोगों को हैरान कर रहा है, वहीं कंडक्टर की सख्ती को कई लोग ईमानदारी की मिसाल बता रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स पुलिस की छवि और जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठा रहे हैं और कह रहे हैं कि क्या कानून के रक्षक खुद नियमों से ऊपर हैं। फिलहाल, यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग पुलिस प्रशासन से इस पर कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।