20 फीट ऊंचाई पर लटकी मटकी फोड़ने को पांच टीमों ने लिया हिस्सा, ड्रोन कैमरे से हुई निगरानी !
रिपोर्ट:- राहुल त्रिपाठी
सूरतगंज :- श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के बाद रविवार को सुढ़ियामऊ कस्बा कृष्ण भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। राधा-कृष्ण मंदिर से गाजे-बाजे के साथ निकला कन्हैया डोल कस्बे की गलियों से होते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचा, जहां अलग-अलग गांवों से आए डोल भी जुलूस में शामिल हो गए। भक्ति गीतों पर श्रद्धालुओं और युवाओं ने जमकर नृत्य किया। इसके बाद मीरपुर मोड़ पर मथुरा की तर्ज पर आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। करीब 20 फीट ऊंचाई पर लटकी मटकी को फोड़ने के लिए पांच टीमों ने जोर आजमाइश की। राकेश कुमार जायसवाल की अगुवाई वाली टीम ने मटकी फोड़कर पुरस्कार अपने नाम किया।
रामनगर थाना क्षेत्र के सुढ़ियामऊ कस्बे में स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से रविवार सुबह करीब सात बजे कन्हैया डोल धूमधाम से निकाला गया। गाजे-बाजे के साथ निकला डोल कस्बे की छोटी-छोटी गलियों से होते हुए करंधा मार्ग से सुढ़ियामऊ रेलवे स्टेशन पहुंचा। इस दौरान श्रद्धालुओं की टोलियां भक्ति गीतों पर नृत्य करती रहीं। ‘बड़ी देर भई नंदलाला’, ‘गोकुल की गलियों में मच गया शोर’, ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ और ‘गोविंदा आला रे’ जैसे गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। रेलवे स्टेशन पर शाहपुर, नहरवल, करीमाबाद, सरदारगंज, गोपालपुर, पेना और मोहारी से आए डोल भी कन्हैया डोल में शामिल हो गए। कई डोल के एक साथ पहुंचने से श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई। गाजे-बाजे के बीच भक्तों ने जमकर नृत्य किया और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए। इसके बाद डोल सुढ़ियामऊ के मीरपुर मोड़ पर पहुंचा, जहां मटकी फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया गया। करीब 20 फीट की ऊंचाई पर मटकी बांधी गई थी। उसे फोड़ने के लिए पांच टीमों ने हिस्सा लिया। राकेश कुमार जायसवाल की अगुवाई में युवाओं की टीम ने मानव पिरामिड बनाकर अमित वर्मा ने मटकी फोड़ी। मटकी फोड़ कर अमित वर्मा की टीम ने पुरस्कार प्राप्त किया। मटकी फूटते ही मौके पर मौजूद लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई और जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।मटकी फोड़ कार्यक्रम में देर शाम तक लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। कार्यक्रम के दौरान रामनगर थाना प्रभारी अरून प्रताप सिंह, सुढ़ियामऊ चौकी प्रभारी गजेन्द्र विक्रम सिंह, मंशाराम सेठ, अरुण कुमार, राजेश, छोटे लाल, दिलीप जायसवाल, बजरंग दल के जिला सह संयोजक विनय वर्मा, ड्रॉन बाय दीपक वर्मा , रमेश चंद्र, विजय, अखिलेश, सीताराम, तिलकराम जायसवाल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व श्रद्धालु मौजूद रहे।
चप्पे-चप्पे पर मौजूद रही पुलिस, ड्रोन कैमरे से हुई निगरानी
कन्हैया डोल और मटकी फोड़ कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। करीब डेढ़ सेक्शन पीएसी के साथ नगर महिला थाना, रामनगर थाना, कोतवाली फतेहपुर, बदोसराय समेत पांच थानों की पुलिस तैनात रही। सुढ़ियामऊ चौकी प्रभारी गजेन्द्र विक्रम सिंह ने ड्रोन कैमरे से पूरे जुलूस और भीड़ की निगरानी कराई। डोल के साथ उड़ रहे ड्रोन कैमरे से जुलूस की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई।
























