करोड़ों के नाले के निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप, जांच के बावजूद कार्रवाई न होने का आरोप!
रिपोर्ट:- राहुल त्रिपाठी
बाराबंकी :- बाराबंकी शुगर मिल ग्वारी रोड से बंकी-तिन्दोला मार्ग को जोड़ने वाली सड़क पर बन रहे नाले के निर्माण में मानकों की अनदेखी और कथित भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। पर्यावरण सेवक/सेवादार मनीष मेहरोत्रा ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया है कि करोड़ों रुपये की लागत से बन रहे नाले के निर्माण में अनियमितताएं बरती जा रही हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार यह मार्ग नगर पंचायत बंकी सहित करीब 20 गांवों की हजारों की आबादी के आवागमन का महत्वपूर्ण रास्ता है। फरवरी 2026 में सड़क का डामरीकरण कराया गया था, जबकि अप्रैल 2026 में सड़क के दूसरी ओर नाले का निर्माण शुरू होने के बाद सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। आरोप है कि नाले का निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि इस मामले में 6 जुलाई 2026 को जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र दिया गया था, जिस पर एडीएम (वित्त एवं राजस्व) को जांच सौंपी गई। इसके बाद नगर पालिका परिषद बाराबंकी के अधिकारियों द्वारा मौके का निरीक्षण भी किया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि एक सप्ताह में समस्या का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया गया, लेकिन मौके पर अभी तक अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि करीब 10 दिन पूर्व नाले के किनारे बने गड्ढे में एक गाय गिर गई, जिससे उसे गंभीर चोट आई और उसका पेट फट गया। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मौके पर पुनः जांच कराकर दोषी अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा नाले और सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की है।
जांच के बाद भी नहीं सुधरी स्थिति, जिलाधिकारी से दोबारा हस्तक्षेप की मांग
शिकायतकर्ता का कहना है कि सड़क और नाले की मौजूदा स्थिति से स्थानीय नागरिकों को लगातार परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से पूरे निर्माण कार्य की गुणवत्ता, लागत, स्वीकृत मानकों और कार्यदायी संस्था की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि यदि किसी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो सके।