रिपोर्ट/विवेक शुक्ला।
गाड़ी नम्बर के मुताबिक सातवें माह में समाप्त हुआ बीमा

चौकाघाट स्टेशन के सामने हादसा, सभी सवार सुरक्षित; पुलिस करेगी अभिलेखों और तकनीकी स्थिति की जांच
रामनगर बाराबंकी। चौकाघाट रेलवे स्टेशन के सामने रविवार को पुलिया के पास चलती इको स्पोर्ट कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कार गोंडा के परसपुर से सीतापुर के रामपुर मथुरा जा रही थी। चालक अजीम समेत कई लोग वाहन में सवार थे। आग लगते ही सभी लोग आनन-फानन में कार से बाहर निकल आए। देखते ही देखते वाहन धू-धूकर जलने लगा।सूचना पर पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि आग लगने का कारण तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका। घटना के बाद वाहन की तकनीकी स्थिति और रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस के लिए अब यह जांच भी जरूरी होगी कि वाहन किसके नाम पंजीकृत है और चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस व अन्य जरूरी दस्तावेज हैं या नहीं। इसके अलावा वाहन की फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र समेत अन्य अभिलेखों की भी जांच की जा सकती है। आग लगने से पहले कार में किसी तरह की तकनीकी खराबी, वायरिंग की समस्या अथवा शार्ट सर्किट तो नहीं था, इसकी तकनीकी जांच भी महत्वपूर्ण होगी।हादसे में सभी सवारों के सुरक्षित बच जाने से बड़ा हादसा टल गया। अब पुलिस की जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आएगी।























