Skip to main content

Naradsamvad

[post-views]

बाराबंकी : बिजली गुल होने पर घर के बाहर सो रहा था परिवार, तेज रफ्तार डंपर ने रौंदा — तीन मासूम समेत चार की मौत, पत्नी जिंदगी और मौत से जूझ रही फतेहपुर के झांसा गांव में भोर का दर्दनाक हादसा, चीख-पुकार से दहला इलाका

राघवेन्द्र मिश्रा (एडिटर)। नारद संवाद न्यूज़ एजेंसी।

बाराबंकी। जनपद के फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत फतेहपुर-महमूदाबाद मार्ग स्थित झांसा गांव में शनिवार भोर एक ऐसा दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। भीषण गर्मी और रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण घर के बाहर चारपाई डालकर सो रहे एक परिवार को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। हादसे में पिता समेत तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर हालत में जिंदगी की जंग लड़ रही है। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।

ग्रामीणों के मुताबिक झांसा गांव निवासी 35 वर्षीय नीरज अपनी पत्नी आरती और तीन बच्चों 13 वर्षीय अनुराग, 10 वर्षीय अंशिका तथा 6 वर्षीय आंशू के साथ घर के बाहर सो रहा था। रात में बिजली न आने के कारण परिवार खुले आसमान के नीचे चारपाई पर सोने को मजबूर था। इसी दौरान सुबह करीब चार बजे तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पहुंच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर पहले सड़क किनारे खड़े पेड़ से जोरदार टकराया और फिर सीधे चारपाई पर चढ़ गया। हादसा इतना भयावह था कि चारपाई के परखच्चे उड़ गए और पूरा परिवार उसकी चपेट में आ गया। नीरज और बेटे अनुराग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अंशिका, आंशू और आरती को आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने अंशिका और आंशू को भी मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में आरती को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

ग्रामीणों ने बताया कि मृतक नीरज किराये पर मैजिक वाहन चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। मेहनत मजदूरी कर वह किसी तरह अपने बच्चों की परवरिश कर रहा था, लेकिन एक पल में पूरा परिवार उजड़ गया। गांव वालों के अनुसार नीरज बेहद मेहनती और मिलनसार व्यक्ति था। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलते ही फतेहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अमित प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है तथा मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अन्य खबरे

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

1386583
Total Visitors
error: Content is protected !!