रिपोर्ट/नारद संवाद न्यूज़ एजेंसी
रामनगर (बाराबंकी)। तहसील क्षेत्र के ग्राम महार निवासी रूपेश मिश्रा ने मंगलवार को जिलाधिकारी से शिकायत कर उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की महादेवा शाखा के प्रबंधक एवं बैंक मित्र के पति देवेंद्र कुमार मिश्रा पर मानसिक उत्पीड़न और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है।रूपेश मिश्रा का कहना है कि उनकी वृद्ध दादी सुशीला देवी के नाम किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण बकाया है। दादी और स्वयं के गंभीर इलाज तथा आर्थिक तंगी के कारण वह फिलहाल ऋण जमा नहीं कर पा रहे हैं। आरोप है कि इसी बात को लेकर शाखा प्रबंधक और देवेंद्र मिश्रा उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।पीड़ित के अनुसार, अमीन के मोबाइल फोन से उन्हें कॉल कर धमकाया गया तथा अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। उनका आरोप है कि शिकायत लेकर बैंक पहुंचने पर भी उन्हें अपमानित कर वहां से भगा दिया गया। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।उधर, इस संबंध में शाखा प्रबंधक ने दूरभाष पर बताया कि उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि बैंक की ओर से बकाया ऋण को लेकर किसान के खिलाफ नियमानुसार नोटिस जारी किया गया है।































