Skip to main content

Naradsamvad

कानून का पालन करेंगे तो आगे बढ़ेंगे, अराजकता के लिए नहीं है कोई जगह : सीएम योगी

Naradsamvad
Naradsamvad - Narad news Agency
5 Min Read

Ad image

हनुमत विराट महायज्ञ में शामिल होकर विकास योजनाओं का किया ऐलान, बाराबंकी को विकास प्राधिकरण की सौगात

एडिटर के के शुक्ल नारद संवाद बाराबंकी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को दशम हनुमत विराट महायज्ञ एवं श्रीरामार्चा पूजन कार्यक्रम में भाग लेते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था, विकास और सांस्कृतिक मूल्यों पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उत्तर प्रदेश अब अनुशासन, सुशासन और विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है। जो लोग अराजकता फैलाने का सपना देखते हैं, उन्हें समझ लेना चाहिए कि प्रदेश में कानून सर्वोपरि है और उसका पालन सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने यज्ञ मंडप में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुति अर्पित की और संत बलराम दास से आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में अयोध्या सहित आसपास के कई जिलों से संत-महंत, जनप्रतिनिधि और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
प्रदेश में शांति और सुरक्षा बनी नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की पहचान अब शांति, सुरक्षा और सौहार्द से हो रही है। पूर्व की सरकारों पर अप्रत्यक्ष टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि कभी प्रदेश दंगों और अव्यवस्था के लिए जाना जाता था, लेकिन अब कानून-व्यवस्था सुदृढ़ होने से निवेश और विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार अपराध और भ्रष्टाचार के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षित वातावरण मिलने से उद्योग, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिला है। युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं और प्रदेश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सनातन संस्कृति पर गर्व, एकजुट रहने का आह्वान
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भारत की सनातन संस्कृति को राष्ट्र की आत्मा बताते हुए कहा कि भारत और उसकी सांस्कृतिक परंपराएं एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने लोगों से सामाजिक समरसता बनाए रखने, सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करने और समाज को बांटने वाली शक्तियों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में एक करोड़ से अधिक परिवारों को पेंशन योजनाओं का लाभ मिल रहा है। लगभग 15 से 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों पात्र नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा कार्ड दिए गए हैं, जिससे गरीब परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार में आर्थिक राहत मिल रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसमें पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है।
बाराबंकी को विकास प्राधिकरण की सौगात
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान बाराबंकी को विकास प्राधिकरण दिए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे जिले में योजनाबद्ध विकास को गति मिलेगी, आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ किया जाएगा और निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी। इसे जिले के समग्र और संतुलित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान 79 जोड़ों का सामूहिक विवाह भी संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। आयोजन में गोंडा, बलरामपुर, सुल्तानपुर, श्रावस्ती और बहराइच सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला प्रभारी मंत्री सुरेश राही व अवनीश सिंह पटेल, राज्य मंत्री सतीशचन्द्र शर्मा, विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा, विधायक दिनेश रावत (हैदरगढ़), जिला पंचायत अध्यक्षा राजरानी रावत, अनुसूचित जाति व जनजाति आयोग के अध्यक्ष, पूर्व विधायक शरद अवस्थी, अयोध्या कमिश्नर राजेश कुमार, आईजी अयोध्या सोमेन वर्मा, अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ प्रवीण कुमार, डीएम शशांक त्रिपाठी, एसपी अर्पित विजयवर्गीय, एडीएम निरंकार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी रितेश सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ALSO READ  पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने सुरक्षाकर्मी को मंच से धक्का दिया, पूर्व डीजीपी ने बताया शर्मनाक
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
Account
Cart
Search
error: Content is protected !!