Skip to main content

Naradsamvad

[post-views]

लोधेश्वर फागुनी मेले में उमड़ रही आस्था, भंडारों में प्रसाद ग्रहण कर रहे श्रद्धालु, उखड़ी सड़क बनी परेशानी

रिपोर्ट/सन्दीप शुक्ला

सड़क से महादेवा मंदिर की ओर जाता काँवरियों का जत्था

मेला बाग से पूजा दर्शन के लिए मंदिर जाते हुए काँवरिया

रामनगर (बाराबंकी)सुप्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव में चल रहे फागुनी मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। चारों ओर “हर-हर बम-बम भोले” के जयकारों से पूरा मेला परिसर शिवमय नजर आ रहा है। शिवरात्रि नजदीक आने के साथ ही कांवरिया श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जो अनवरत जारी है।मेला बाग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारों का आयोजन किया जा रहा है। पश्चिम दिशा में विश्व कल्याण के पास कानपुर देहात के ग्राम अकबरपुर से आए श्रद्धालु प्रदीप राजपूत, गणेश, शंकर यादव आदि द्वारा कढ़ी-चावल, सब्जी और पूरी का प्रसाद वितरित किया जा रहा था, जहां सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।वहीं जिला पंचायत द्वारा बनाए गए रैन बसेरे के पास जनपद कानपुर के बिठूर क्षेत्र के सबलपुर गांव से आए श्रद्धालु ज्ञानेंद्र, विक्रम, अमरेंद्र व उनके सहयोगियों द्वारा छोले-चावल, सब्जी और पूरी का भंडारा चलाया जा रहा था। श्रद्धालु हर्षोल्लास के साथ प्रसाद ग्रहण करते नजर आए।नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी हल्का लेखपाल संतोष वर्मा के साथ मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे और कमियों को दुरुस्त कराने के निर्देश देते रहे। जिला पंचायत के ठेकेदार और पंचायत सेक्रेटरी अभिनव सिंह द्वारा जलभराव वाले स्थानों पर मिट्टी डलवाकर रास्तों को दुरुस्त कराया गया।मंदिर के पीछे स्थित नीरकुंड पर पदयात्रा कर कांवर लाने वाले श्रद्धालु मनौती पूर्ण होने पर हवन-पूजन और पूर्णाहुति कर क्षमा प्रार्थना करते दिखाई दिए।हालांकि लोक निर्माण विभाग द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाई गई सड़क की उखड़ती गिट्टियां श्रद्धालुओं के लिए मुसीबत बनी हुई हैं। नंगे पैर चलने वाले श्रद्धालुओं को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।साफ-सफाई व्यवस्था की निगरानी अधिकारियों द्वारा लगातार की जा रही है, लेकिन कुछ स्थानों पर लापरवाही भी नजर आई। मेला बाग में प्रवेश द्वार के पास रैन बसेरे के निकट दोना-पत्तल और गंदगी के ढेर लगे देखे गए, जबकि उसी स्थान के पास भंडारे का आयोजन भी चल रहा था। श्रद्धालु लंबी दूरी तय कर थकान मिटाने के लिए रैन बसेरे में आराम करते हैं, ऐसे में वहां सफाई पर और ध्यान देने की जरूरत महसूस की जा रही है।सहायक खंड विकास अधिकारी पुष्पा मिश्रा भी टीम के साथ मेला क्षेत्र का भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था की निगरानी करती रहीं। अधिकारियों द्वारा बैठकों में लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं कि मेला क्षेत्र में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पीएसी, पुलिस बल और बम निरोधक दस्ता तैनात कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।

अन्य खबरे

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

1358942
Total Visitors
error: Content is protected !!