रिपोर्ट/सन्दीप शुक्ला
रामनगर (बाराबंकी)।फाल्गुनी मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए महादेव मेला सचिव एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी रामनगर गुंजिता अग्रवाल ने पुलिस क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत सहित संबंधित अधिकारियों के साथ मेला परिसर का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और शेष बचे कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान तहसीलदार रामनगर विपुल कुमार सिंह, नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी, खंड विकास अधिकारी सूरतगंज देवेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान लोधौरा अजय कुमार तिवारी राजन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मेला परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाई जा रही बैरिकेटिंग का निरीक्षण किया और इसे मजबूत व सुरक्षित ढंग से लगाने के निर्देश दिए। साथ ही मेला क्षेत्र में समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने पर विशेष बल दिया।उप जिलाधिकारी ने अभरण सरोवर का निरीक्षण करते हुए सरोवर की नियमित सफाई कराने तथा उसमें स्वच्छ जल भरवाने के निर्देश दिए। उन्होंने मेला परिसर में लगने वाली दुकानों के बीच पर्याप्त मार्ग छोड़े जाने को कहा, ताकि आपात स्थिति में वाहनों का आवागमन सुचारु रूप से हो सके और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।इसके अलावा, टूटी-फूटी इमारतों के पास व्यू कटर लगाकर उन्हें ढकने, रैन बसेरों में साफ-सफाई एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा शौचालयों की नियमित सफाई के साथ पानी की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के समय क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रधान लोधौरा मनोज वर्मा, क्षेत्र पंचायत सदस्य महादेवा सतीश यादव, पंचायत सचिव अभिनव सिंह, हल्का लेखपाल संतोष कुमार वर्मा, नूर मोहम्मद, गुरुशरण, जिला पंचायत से अखिलेश सिंह, सहायक आदर्श द्विवेदी सहित मेला व्यवस्था से जुड़े सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।































