रिपोर्ट/सन्दीप शुक्ला

रामनगर (बाराबंकी)। सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थल लोधेश्वर महादेव धाम में चल रहे फाल्गुनी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। हर-हर बम-बम और भोलेनाथ के जयकारों से पूरा मेला परिसर और मंदिर क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है। दूर-दराज जनपदों से कांवरिया सरयू नदी व गंगा जल लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे हैं।श्रद्धालु जनपद कानपुर के बिठूर धाम से कांवर में गंगाजल भरकर पैदल यात्रा करते हुए लोधेश्वर महादेव पहुंच रहे हैं। मंदिर के गर्भगृह तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। जलाभिषेक कराने में महादेव पुलिस चौकी के उपनिरीक्षक रवींद्र सिंह सुरक्षा कर्मियों के साथ व्यवस्था संभालते नजर आए।जनपद उन्नाव से आए कांवरिया श्रद्धालु केदार ने बताया कि उन्होंने करीब 30 घंटे पैदल चलकर लोधेश्वर महादेव में जल चढ़ाया। नंगे पैर पैदल यात्रा के दौरान पैरों में पड़े छालों के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह कम नहीं हो रहा है।कुछ श्रद्धालु गंगाजल से जलाभिषेक करने के बाद दूसरे दिन सरयू नदी (घाघरा) घाट पर स्नान कर वहां का जल लाकर भगवान शिव का अभिषेक कर रहे हैं। मंदिर से लगभग दो किलोमीटर उत्तर स्थित सरयू घाट पर स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। वहीं, शिवभरण सरोवर पर भी श्रद्धालु स्नान कर जलाभिषेक कर रहे हैं। सरोवर में पीएसी व जल पुलिस के जवान मोटरबोट के साथ सुरक्षा व्यवस्था में तैनात हैं।मेले में बांगरमऊ (उन्नाव) के महंत सुरेंद्र सिंह की अगुवाई में शिव-पार्वती स्वरूप झांकियां भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। श्रद्धालु अखंड रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और आरती का आयोजन कर अपनी मनौतियां पूरी होने की कामना कर रहे हैं। बैंड की धुन पर झूमते श्रद्धालु अपने महंत को कंधे पर बैठाकर आरती करते हुए मंदिर की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। कई श्रद्धालु हाथों में झंडा व घंटा लेकर मंदिर के गुंबद पर झंडा बांधकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं।मेले में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत व थाना प्रभारी रामनगर अनिल कुमार पांडे पुलिस बल के साथ लगातार मेला क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। साफ-सफाई पर भी अधिकारियों की नजर बनी हुई है तथा ड्रोन कैमरे से पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।































