रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर, बाराबंकी। थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में सुमली नदी में डूबने से दो नाबालिग बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार ग्राम पुरैना निवासी 12 वर्षीय अर्पित पुत्र सियाराम तथा ग्राम रतनपुर निवासी 13 वर्षीय अतुल पुत्र दयाराम शुक्रवार दोपहर ग्राम करसाकला के निकट सुमली नदी के किनारे भैंस चराने गए थे। इसी दौरान भैंस नदी में नहाने के लिए उतर गई, जिसके बाद दोनों बच्चे भी स्नान करने के लिए नदी में चले गए। देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे।बच्चों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों की मदद से दोनों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन अधिक समय तक पानी में रहने के कारण उनकी सांसें थम चुकी थीं।घटना की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी आनन्द तिवारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह तथा चौकी प्रभारी रजनीश पांडे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आवश्यक जांच-पड़ताल और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उप जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।






























