रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर, बाराबंकी। लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए लाठीचार्ज, चैंबरों में तोड़फोड़ और सामान क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना के विरोध में तहसील बार एसोसिएशन रामनगर के अधिवक्ताओं ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। अध्यक्ष शिव प्रकाश अवस्थी और महामंत्री कमलापति तिवारी के नेतृत्व में सैकड़ों अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में नारेबाजी कर रोष जताया।अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम आनंद कुमार तिवारी को सौंपते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तत्काल निलंबन की मांग की। साथ ही पीड़ित अधिवक्ताओं को मुआवजा दिए जाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग भी की।प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने वाली पुलिस यदि अधिवक्ताओं के साथ अभद्रता करेगी तो न्याय व्यवस्था प्रभावित होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष बीडी खान, उपाध्यक्ष गिरजेश शुक्ला, अरुण कुमार श्रीवास्तव, शिव कुमार सिंह, जगदंबा सिंह, बीडी चौधरी, कासिम, चैतन्य नारायण, गौरव मिश्रा, लव पाठक, रामकुमार सोनी समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।






























