रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर, बाराबंकी। ग्राम बिठौरा स्थित सागर दास महाराज के स्थान पर बने मंदिर में नई हनुमान प्रतिमा की गुरुवार को विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा कर स्थापित की गई। इससे पहले रविवार रात अराजक तत्वों द्वारा मंदिर में स्थापित हनुमान प्रतिमा तोड़े जाने का आरोप लगाते हुए विहिप कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को शिकायती पत्र दिया था।ग्रामीणों और प्रशासन के सहयोग से गुरुवार को उसी स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित कराई गई। प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व रामनगर डिग्री कॉलेज के समीप स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर तक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।पंडित विष्णु कांत शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई। इसके बाद भक्तों ने लड्डू, बूंदी, फल और गुड़धनिया का प्रसाद ग्रहण किया।कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ प्रशासनिक अधिकारी तथा ग्रामीण मौजूद रहे। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री राहुल कुमार, प्रखंड अध्यक्ष रमाकांत वर्मा, बजरंग दल के जिला सहसंयोजक विनय वर्मा, सूरज शर्मा, अंशु शुक्ला, अवध राम और मुख्य जजमान अमित सहित कई लोग उपस्थित रहे।






























