रिपोर्ट/संदीप शुक्ला

महादेवा, बाराबंकी। ज्येष्ठ माह के दूसरे बड़े मंगल पर मंगलवार को क्षेत्र के हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही बजरंगबली के मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा, सुंदरकांड और बजरंग बाण का पाठ कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा सुख-समृद्धि की कामना की।बिंदौर परसपुर स्थित बुढ़वा बाबा मंदिर पर स्थानीय लोगों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। ग्राम सभा लैन के कोटेदार रवि चौहान द्वारा मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद विशाल भंडारे का आयोजन कराया गया। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।इस दौरान विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रामबाबू द्विवेदी, भाजपा नेत्री अल्का मिश्रा, महादेव मंडल अध्यक्ष अमित सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष अशोक शुक्ला, वरिष्ठ भाजपा नेता महेश तिवारी समेत क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।उधर, लोधेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण स्थित दक्षिणेश्वर बजरंगबली मंदिर में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। मंदिर के पुजारी करण अवस्थी ने बजरंगबली का विशेष श्रृंगार कर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना और महाआरती कराई। महाआरती में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया।































