रिपोर्ट/विवेक शुक्ला
रामनगर, बाराबंकी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर में सोमवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) यूनियन के बैनर तले कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नियमितीकरण, समय से वेतन भुगतान और स्वास्थ्य बीमा सुविधा लागू करने की मांग उठाई।प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना था कि वह लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं, लेकिन अब तक नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं। उन्होंने बताया कि वेतन भुगतान में देरी होने से आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कर्मचारियों ने कोरोना काल में दी गई अपनी सेवाओं का उल्लेख करते हुए सरकार से समस्याओं के समाधान की मांग की।इस दौरान रामानुज सिंह, रेनू, यशपाल सिंह, विजय वर्मा, नीलम वर्मा, प्रियंका यादव, गीता कनौजिया, अरुण वर्मा और विनोद मौर्य समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।






























